आठवीं के एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत

सीमापुरी इलाके में आठवीं के एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसकी पहचान महताब अहमद (14) के रूप में हुई। पुलिस ने शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों का आरोप है कि महताब की करीब 15 दिन पहले स्कूल में कुछ बच्चों ने पिटाई कर दी थी। इसके बाद से उसका इलाज रहा था। इसमें मामले स्कूल के शिक्षक के दबाव के कारण उन्होंने पुलिस से इसकी शिकायत नहीं की। वहीं डॉक्टरों की रिपोर्ट में मौत का कारण डीपथीरिया नामक बीमारी को बताया गया है। डॉक्टरों ने शरीर पर चोट से भी इंकार किया है। बहरहाल परिजनों की शिकायत लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक महताब अहमद परिवार के साथ डी-आठ, नई सीमापुरी में रहता था। वह घर से थोड़ी दूरी पर स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में आठवीं कक्षा में पढ़ता था। वह कक्षा का मॉनिटर भी था। पिता शकील अहमद ने बताया कि 15 नवंबर को पिकनिक पर जाने के लिए महताब शिक्षक के कहने पर अन्य बच्चों से आवेदन ले रहा था। एक छात्र ने इससे मना कर दिया। इसे लेकर उसका झगड़ा हुआ। आरोपी छात्र ने उसके गले पर किसी भारी चीज से हमला कर दिया। महताब जब घर पहुंचा तो उसने गले में दर्द की शिकायत की। घर के पास स्थित डॉक्टरों को दिखाया। लेकिन दर्द ठीक नहीं हुआ। इस पर जीटीबी अस्पताल ले गए। 27 नवंबर को उसे भर्ती कर लिया गया। यहां बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।