कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार पर किया स्कूल को लेकर पलटवार

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार के इस दावे को चैलेंज किया है जिसमें उसने कहा था कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों के हालात बहुत सुधर गए हैं। यहां तक कहा गया कि अब लोग पब्लिक स्कूलों से अपने बच्चों को निकालकर उनका एडमिशन सरकारी स्कूलों में करा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार झूठे दावे कर रही है। सच्चाई यह है कि आप सरकार के आने के बाद सरकारी स्कूलों में स्टूडेंट कम हो गए हैं। दूसरी तरफ पब्लिक स्कूलों में स्टूडेंट्स की तादाद में इजाफा हुआ है। माकन ने कहा कि सीनियर सेकेंड्री स्कूलों की वार्षिक वृद्धि दर में काफी कमी आई है। 2013-14 में ये 8 फीसदी से ज्यादा था 2015-16 में यह 0.60 हो गया।  माकन ने केजरीवाल सरकार पर शिक्षा पर कम रकम खर्च करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2008-09 के बजट में शिक्षा पर 463 करोड़ रुपए ज्यादा खर्च किए गए जबकि केजरीवाल सरकार बजट की मूल रकम भी खर्च नहीं कर पाई। दिल्ली सरकार ने बीते दो सालों में बजट में तय की गई रकम से 1 हजार 982 करोड़ रुपए कम खर्च किए। माकन ने कहा कि दिल्ली सरकार ने 5 हजार कमरे बनाने का दावा किया है जिसका मतलब सरकारी स्कूलों में 2 लाख बच्चे बढ़ने चाहिए। लेकिन सरकारी स्कूलों में तो एक लाख बच्चे कम हो गए हैं। वहीं प्राइवेट स्कूलों में बच्चों की तादाद में बीते दो साल के दौरान 1 लाख 42 हजार छात्रों का इजाफा हुआ है।