दोषी सलमान खान, आसाराम के साथ जेल में रखे जा सकते हैं

salmanasaram

काले हिरण के शिकार के करीब 20 साल पुराने मामले में सलमान खान दोषी करार दिए जा चुके हैं। जोधपुर की अदालत में फिलहाल सजा पर बहस चल रही है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देवकुमार खत्री ने सलमान खान के साथ अभ‍िनेता सैफ अली खान, नीलम, तब्बू और सोनाली बेंद्रे को बरी कर द‍िया है।

हालांकि अभी इस बात को लेकर संशय बना हुआ है कि सलमान को सजा होने के बाद वह जेल जाएंगे या फिर उन्हें बेल मिल जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यदि सलमान को तीन साल से अधिक की सजा मिलती है तो उन्हें जोधपुर की सेंट्रल जेल में बैरक नंबर दो में रखा जा सकता है। इस बैरक में यौन उत्पीड़न के आरोपी आसाराम को भी रखा गया है। इसे लेकर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है।  पिछली बार सजा के बाद सलमान को जेल के बैरक नंबर एक में रखा गया था और वो सात दिन के लिए जेल में रहे थे।

बॉलीवुड को बड़ा झटका लगा है

सलमान खान को हुई सजा से बॉलीवुड को बड़ा झटका लगा है। बॉलीवुड फ‍िल्‍म मेकर्स के 550 करोड़ रुपये दांव पर लग गए हैं। सलमान खान को सजा होने से उनकी कई फ‍िल्‍मों पर संकट मंडरा गया है। सलमान खान की जल्‍द ही रेस 3 र‍िलीज होने वाली है ज‍िसका न‍िर्माण 100 करोड़ से हुआ है। इस फ‍िल्‍म में उनके साथ जैक्‍ल‍िन फर्नांड‍िस, अन‍िल कपूर और बॉबी देओल प्रमुख भूम‍िकाओं में हैं।

क्या थे आरोप?

सरकारी वकील भवानी सिंह भाटी ने कहा कि उस रात सभी कलाकार जिप्सी कार में थे, सलमान खान वाहन चला रहे थे। हिरणों का झुंड देखने पर उन्होंने गोली चलायी और उनमें से दो हिरण मार दिये थे। उन्होंने कहा कि जब लोगों ने उन्हें देखा और उनका पीछा किया तो ये कलाकर मृत हिरणों को मौके पर छोड़कर भाग खड़े हुए। उन्होंने कहा कि उन लोगों के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं।

इन आरोपों से इंकार करते हुए सलमान के वकील एच.एम. सारस्वत ने कहा कि अभियोजन पक्ष की कहानी में कई खामियां हैं। उन्होंने यह भी दलील दी कि अभियोजन यह साबित करने में भी विफल रहा है कि काले हिरण बंदूक की गोली से ही मारे गये थे और ऐसी स्थिति में इस तरह की जांच पर भरोसा नहीं किया जा सकता।इस मामले में दो अन्य आरोपी दुष्यंत सिंह और दिनेश सिंह हैं। हिरण के शिकार के समय दुष्यंत सिंह कथित रूप से सलमान के साथ था जबकि दिनेश सिंह के बारे में कहा जाता है कि वह सलमान खान का सहायक है।