मुख्य सचिव ने मांगी खाली पदों की जानकारी

प्रदेश के सभी सरकारी विभागों से उनके यहां खाली होने वाले पदों की जानकारी मांगी गई है। मुख्य सचिव राजीव कुमार ने सभी विभागों के प्रमुखों को पत्र लिखकर जून 2019 तक खाली होने वाले पदों की सूचना देने के निर्देश दिए हैं। इन रिक्तियों पर समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सके। सरकार के कई विभागों में अफसरों-कर्मचारियों के रिटायर होने और इस्तीफे के बाद काफी पद खाली होते रहते हैं। इन पदों पर नियुक्तियां लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा आयोग के जरिए की जाती हैं। हालांकि खाली पदों का ब्यौरा आयोगों को देरी से भेजने के चलते भर्तियां भी देरी से होती हैं। इसके चलते कर्मचारियों की कमी हो जाती है और सामान्य कामकाज प्रभावित होता है। इस समस्या से निपटने के लिए इस बार मुख्य सचिव ने रिक्तियों की संख्या समय से पहले ही भेजने को कहा है। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने में दो साल तक समय लग जाता है। इसलिए जुलाई 2017 से जून 2018 तक होने वाली भर्तियों का ब्यौरा अभी तक न भेजा हो तो तत्काल भेजें। इसके साथ ही चयन वर्ष 2018-19 में होने वाले चयन का ब्यौरा भी नवम्बर 2017 तक भर्ती आयोगों को उपलब्ध करा दें।