रोहिणी कोर्ट में कैदी की गोली मारकर हत्या

रोहिणी कोर्ट परिसर में सोमवार को एक विचाराधीन कैदी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना कोर्ट की कैंटीन के पास हुई। इसके बाद कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने बताया कि रोहिणी की कोर्ट में विनोद उर्फ बल्ले को पेश किया गया था। जब उसे वापस ले जाया जा रहा था तब 11 बजकर 20 मिनट पर उसे गोली मारी गई। गोली मारने वाले ने घटनास्थल पर ही सरेंडर कर दिया। गोली लगने के बाद विनोद को बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। रोहिणी कोर्ट के अंदर निकट गोली मारने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले अप्रैल में 38 साल केएक विचाराधीन कैदी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
सोमवार की सुबह एक मामले में पेशी के लिए विनोद को दिल्ली पुलिस की तीसरी वाहिनी के जवान कोर्ट में लाए थे। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद वापस जेल कैम्पस के गेट पर बने बैरक में बंद करने के लिये लाया जा रहा था। पुलिस के जवान उसे कोर्ट के बाहरी हिस्से में बने रैंप से नीचे लेकर आ रहे थे। वह नीचे पहुचने ही वाला था कि पीछे से आ रहे हमलवार ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर ने भी खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
हमलवार की पहचान नागलोई के अब्दुल खान के रूप में हुई है। यह मामला गैंगवार का बताया जाता है। जांच में पता चला है कि आपसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है।