कांस्टेबल ने सरकारी पिस्टल से गोली मारकर की खुदकुशी

 दरियागंज थाने के बैरक में कांस्टेबल ने सरकारी पिस्टल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान अमित खोखर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अमित खोखर मूलरूप से बागपत के हलपुर गांव के रहने वाले थे। वह 2009 में दिल्ली पुलिस में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे। इस समय वह दरियागंज थाने में तैनात था। सूत्रों के अनुसार बुधवार को अमित की ड्यूटी रात आठ बजे की थी और उसे चर्च के पास तैनात किया गया था। अचानक वह पांच बजे के करीब अपने बैरक में आ गया और लोगों ने आने का कारण पूछा। इस बीच उसने अपनी सर्विस पिस्टल निकाली और सिर पर सटाकर गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनकर थाने में हड़कम्प मच गया। घटना की जानकारी पीसीआर को दी गई। पीसीआर वैन ने ही घायल को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार अमित का परिवार जौहरीपुर में रहता है और उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार अमित अपनी बीमारी से परेशान था। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। 
मोहित शर्मा