पीएम मोदी जल्दी ही कर सकते हैं मंत्रिमंडल में फेरबदल

PM Narendra Modi

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनावों के बाद खबरें आ रही हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी जल्द ही अपनी कैबिनेट में बदलाव करेंगे। इस फेरबदल में रक्षा मंत्रालय समेत 4 बड़े मंत्रालयों पर फैसला हो सकता है। वहीं काम न करने वाले मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। इस फेरबदल में 2019 के लोकसभा चुनावों का भी ध्यान रखा जाएगा। वहीं कुछ नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।

मनोहर पार्रिकर को गोवा जाने, वेंकैया नायडू के उपराष्ट्रपति बनने और अनिल माधव दवे के निधन के बाद मोदी मंत्रिमंडल में कई अहम मंत्रालय खाली पड़े हैं। मनोहर पार्रिकर के जाने के बाद रक्षा मंत्रालय का काम अरुण जेटली संभाल रहे हैं। चीन और पाकिस्तान के साथ चल रहे खराब संबंधों को देखते हुए फुल टाइम रक्षा मंत्री की नियुक्ति जरूरी मानी जा रही है। वित्त मंत्रालय अपने आप में इतना बड़ा विभाग है कि एक मंत्री भी उसके लिए कम माना जाता है। इसके अलावा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय जैसा एक और अहम विभाग स्मृति ईरानी संभाल रही हैं। पर्यावरण विभाग अनिल माधव दवे के निधन के बाद डाॅ. हर्षवर्धन देख रहे हैं।
इसके अलावा हाल ही में जिस तरह नीतिश कुमार बीजेपी के साथ आ गए हैं तो माना जा रहा है कि उनकी पार्टी एनडीए में शामिल हो सकती है। ऐसी हालत में उनकी पार्टी को भी मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। यह माना जा रहा है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देंवेंद्र फडणवीस को दिल्ली बुलाया जा सकता है।