सांसद महेश गिरी ने खुले नालो पर जताई चिंता

पूर्वी दिल्ली सांसद महेश गिरी ने खुले नालो पर चिंता जताई है। नेता ने कहा की दिल्ली सरकार के अधीन पी.डब्ल्यू.डी. अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले नालों को ढ़क कर रखे। वही उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड को अपने सीवरों को व्यवस्थित करने को भी कहा। सांसद ने कहा की जान माल की हानि होने पर विभाग के अधिकारी और दिल्ली सरकार जिम्मेदार होगी। सांसद महेश गिरी ने कहा कि अभी हाल ही में पी.डब्ल्यू.डी. विभाग की लापरवाही के कारण मयूर विहार  फेज-3 स्थित गहरे नाले में गिरकर अनील अग्रवाल नामक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। उन्होंने कहा कि यह कोई एक घटना नही है आए दिन नालों व सीवरों में गिरकर कोई न कोई घटना होती ही रहती है। सासंद ने बताया कि पूर्वी दिल्ली में सैकड़ों ऐसे नाले है जो या तो खुले है या उनकी स्लैब टूटी हुई है। बरसात का मौसम होने के कारण तो कई जगह नालों के उपर से पानी भी बहता है। सांसद ने पी.डब्ल्यू.डी. पर आरोप लगाते हुए कहा की वो सही से अपना कार्य नही कर रहा है। सांसद ने कहा कि मैंने दिल्ली के उपराज्यपालदिल्ली सरकार के मुख्य सचिव तथा पी.डब्ल्यू.डी विभाग के उच्चाधिकारियों को इस विषय में खत लिखा है व जल्द से जल्द इस पर कार्यवाही करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूर्वी दिल्ली में जल्द से जल्द खुले नालों को ढ़कने का कार्य किया जाना अति आवश्यक है।