एशियाडः पुरुष 1500 मीटर रेस में जॉनसन ने स्वर्ण जीता, महिला 4×400 मीटर रिले में भी भारत को गोल्ड

पुरुष 4x400 मीटर में भारत को रजत, चित्रा उन्नीकृष्णन ने महिला 1,500 मीटर और डिस्कस थ्रो में सीमा पुनिया ने कांस्य जीता

पुरुष 4×400 मीटर में भारत को रजत, चित्रा उन्नीकृष्णन ने महिला 1,500 मीटर और डिस्कस थ्रो में सीमा पुनिया ने कांस्य जीता

Asian games 2018 day 12 india won medal live news and Updates

महिला टीम ने दूसरे स्थान पर रहे बहरीन से 1.89 सेकंड पहले पूरी की रिले : हिमा दास, पुवम्मा राजू मछेत्रिया, सरिताबेन लक्ष्मीबाई गायकवाड़, विस्मया वेल्लुवा कोरात वाली भारतीय टीम ने 3:28.72 मिनट में महिलाओं की 4×400 मीटर रिले पूरी की। इस स्पर्धा का रजत बहरीन और कांस्य वियतनाम के खाते में गया। बहरीन की टीम ने 3:30.61 और वियतनाम ने 3:33.23 मिनट में रिले पूरी की।
पुरुष टीम 1.29 सेकंड के अंतर से स्वर्ण पदक से चूकी : पुरुषों की 4×400 मीटर रिले में भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रही। मोहम्मद कुनहू पुतानपुरक्कल, धरुण अय्यासामी, मोहम्मद अनस याहिया और राजीव अकोरिया वाली भारतीय टीम ने 3:01.85 मिनट का समय निकाला। इस स्पर्धा का स्वर्ण कतर की टीम ने जीता। उसने 3:00.56 मिनट में रिले पूरी कर एशियाई खेलों का रिकॉर्ड भी बनाया। जापान की टीम ने 3:01.94 मिनट में रिले पूरी कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

चित्रा ने दिलाया कांस्य ः  चित्रा पालकीज उन्नीकृष्णन पालकीझ ने 1,500 मीटर रेस 4:12:56 मिनट में पूरी की। इस स्पर्धा के स्वर्ण और रजत बहरीन की एथलीट्स ने जीते। बहरीन की बेफाक्दू कल्कीदन ने 4:07:88 मिनट और बेले टिजिस्ट ने 4:09:12 मिनट में रेस पूरी की। इस स्पर्धा में भारत की एक और एथलीट मोनिका चौधरी डिसक्वालिफाई हो गईं।

डिस्कस थ्रो में सीमा ने जीता कांसा ः महिला डिस्कस थ्रो में 34 साल की सीमा ने 62.26 मीटर का थ्रो किया। उन्होंने पहले प्रयास में 58.51 तीसरे में 62.26, तीसरे में 61.28 और छठे प्रयास में 61.18 का थ्रो किया। उनके दूसरे और पांचवें प्रयास फाउल हो गए। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन यांग चेन ने और उनकी हमवतन बिन फेंग ने रजत पदक जीता। यांग ने 65.12 और बिन ने 64.25 मीटर का थ्रो किया। सीमा ने गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता था। उन्होंने वहां 60.14 मीटर दूर चक्का फेंका था। सीमा पुनिया 2014 इंचियोन एशियाड में स्वर्ण जीत चुकी हैं।

महिला स्क्वैश टीम सेमीफाइनल में, पदक पक्का : दीपिका पल्लीकल और जोशना चिनप्पा के हारने के कारण भारतीय महिला स्क्वैश टीम को ग्रुप बी हॉन्गकॉन्ग से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही कांस्य पदक पक्का कर लिया। भारत इस हार के बाद भी ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहा। अब सेमीफाइनल में उसका मुकाबला पूल ए में टॉप पर रहने वाले मलेशिया से होगा। दीपिका और जोशना को क्रमश: जोए चान और एनी यू से 1-3 और 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, सुनैना कुरुविला ने जी लोक हो को हराया। सुनैना का यह पहला एशियाड है। वे दीपिका की कजिन हैं। उन्होंने 0-2 से पिछड़ने के बावजूद 5-11, 13-15, 11-6, 11-9, 14-12 से जीत हासिल की। भारतीय महिला टीम ने 2014 इंचियोन एशियाड में रजत पदक जीता था। पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में भारत के लक्ष्मणन गोविंदन 14 मिनट 17.09 सेकंड का समय लेकर छठे स्थान पर रहे। बहरीन ने इस स्पर्धा के स्वर्ण और रजत तथा सऊदी अरब ने कांस्य पदक जीते।

अचंत, साथियान और मणिका प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे :  अचंत शरत कमल, साथियान गणशेखरन और कॉमनवेल्थ गेम्स में 4 पदक जीतने वालीं मणिका बत्रा ने टेबल टेनिस के एकल वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस बार पुरुष टीम और मिक्स्ड डबल्स में कांस्य जीतने वाले अचंत ने आखिरी-32 के मुकाबले में पाकिस्तान के 52 साल के आसिम मोहम्मद कुरैशी को मात दी। अंचत ने कुरैशी को 18 मिनट में 4-0 (11-4, 11-8, 11-7, 11-5) से मात दी। अब शुक्रवार को उनका मुकाबला चीनी ताइपे के चिहयुआन चुआंग से होगा। महिला एकल में मणिका बत्रा ने थाईलैंड की नान्थना कोमवाओंग को 20 मिनट में 11-3, 11-7, 11-3, 11-6 से हराकर राउंड-16 में जगह बनाई। अब वे चीन की मैन्यू वांग के खिलाफ खेलेंगी। साथियान ने इंडोनेशिया के सुपित सांतोसो को हराया। साथियान का राउंड-16 में अब जापान के केंता मत्सुदाइरा से मुकाबला होगा।

पुरुष वॉलीबॉल में म्यांमार से हारा भारत : म्यांमार ने पुरुष वॉलीबॉल में भारत को पांच गेम तक चले मुकाबले में 3-2 से हराया। म्यांमार ने पहला सेट 25-21 से जीता। दूसरे सेट में भारत ने 25-18 से जीत हासिल की। तीसरे सेट में म्यांमार ने फिर बाजी मारी और भारत को 27-25 से हरा दिया। चौथे गेम में भारत ने 25-15 से जीत हासिल कर मैच को रोमांचक मोड़ पर पहुंचाया। आखिरी और निर्णायक गेम में म्यांमार ने भारत को 15-13 से मात दी। यह मुकाबला एक घंटे 47 मिनट तक चला।

कुराश में दानिश, ज्योति, अमीशा, दिवेश हारे :  पारंपरिक मार्शल आर्ट के खेल कुराश में भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया। ज्योति टोकस, अमीशा टोकस, दानिश शर्मा तथा दिवेश अपने-अपने मुकाबले हारकर पदक की होड़ से बाहर हो गए। पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग के राउंड-32 में दानिश ने इंडोनेशिया के मोहम्मद दिफा अलफेस को 3-0 और राउंड-16 में फिलीस्तीन के मोहनाद अबुइदा को 10-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, क्वार्टर फाइनल में कुवैत के हुसेन मिसिरी से भारतीय एथलीट को 0-10 से शिकस्त झेलनी पड़ी। 90 किग्रा में दिवेश को भी राउंड-16 में बाहर होना पड़ा। उन्हें उज्बेकिस्तान के याख्यो इमामोव ने 10-0 से हराया। महिला 78 किग्रा में ज्योति ने राउंड-32 में थाईलैंड की प्रावानावित मिसरी को 1-0 से हराया, लेकिन राउंड-16 में तुर्कमेनिस्तान की लोहोवा मारिया से वे 0-10 से हार गईं। इसी वर्ग में अन्य भारतीय अमीशा को राउंड-16 में वियतनाम की लान थी एनगुएन ने 5-0 से हराया।

कनोए के फाइनल में चम्पा ने किया निराश : नौकायान की कनोए स्पर्धा में भारत की चम्पा ने 161.63 का स्कोर किया। उन्होंने सेमीफाइनल में 176.14 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन की शि चेन ने जीता। उन्होंने 110.32 का स्कोर किया। चीनी ताइपे की विहान चेन ने 111.14 के साथ रजत और थाईलैंड की अट्राचापोन दुवांगलावा ने 116.34 के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

 

पदक तालिका (30-08-2018, शाम 9:30 बजे तक)

क्रम देश स्वर्ण रजत कांस्य कुल
1 चीन 112 76 53 241
2 जापान 59 49 66 174
3 दक्षिण कोरिया 39 46 56 141
4 इंडोनेशिया 30 23 37 90
5 ईरान 19 19 20 58
8 भारत 13 21 25 59