जापान के ओसाका प्रांत में 6.1 तीव्रता का भूकंप

japan earthquak

जापान के ओसाका प्रांत में सोमवार सुबह भूकंप आया

पश्चिमी जापान के ओसाका में सोमवार को भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। वैसे स्थानीय मीडिया ने कई लोगों के मरने की आशंका जताई है। मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ओसाका प्रांत का उत्तरी हिस्सा था। सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है। ओसाका इलाके में रेल सेवा बंद कर दी गई। उड़ानें भी रोक दी गईं।

कई लोगों को कार्डियक अरेस्ट आने की खबरें : क्योदो न्यूज एजेंसी के मुताबिक, भूकंप के झटके की वजह से ओसाका में स्वीमिंग पूल के पास दीवार ढहने से 80 साल के बुजुर्ग और एक 9 साल की बच्ची को गंभीर चोटें आईं। बाद में इनकी मौत हो गई। भूकंप की वजह से कई लोगों को कार्डियक अरेस्ट आने की जानकारी भी मिली है। कंसाई इलेक्ट्रिक पावर ने कहा कि भूकंप के बाद मिहामा और ताकाहामा परमाणु संयंत्रों में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं देखी गई। ओसाका और इसके पड़ोसी प्रांत ह्योगो में बिजली सप्लाई एहतियातन रोक दी गई है। इसका करीब 1 लाख 70 हजार घरों पर असर हुआ है।

2011 में आई थी सुनामी : 11 मार्च, 2011 को पूर्वी जापान में 9 तीव्रता का भूकंप आया था। इसमें 18 हजार लोगों की जान चली गई थी। सुनामी की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था। फुकुशिमा न्यूक्लियर पावर प्लांट को भी नुकसान पहुंचा था। हालांकि, ओसाका प्रांत में भूकंप की तीव्रता इतनी नहीं थी। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने सोमवार को बताया कि ओसाका में 1923 के बाद पहली बार इतनी तीव्रता का भूकंप आया है।